ESR टेस्ट यानी एरिथ्रोसाइट सेडिमेंटेशन रेट एक सरल और सामान्य रक्त जांच है, जिसे डॉक्टर शरीर में हो रही सूजन या संक्रमण का पता लगाने के लिए करवाते हैं। यह टेस्ट बताता है कि खून में मौजूद लाल रक्त कोशिकाएं कितनी तेजी से नीचे बैठती हैं। सामान्य स्थिति में यह प्रक्रिया धीमी होती है, लेकिन जब शरीर में सूजन, इंफेक्शन या किसी बीमारी का असर होता है तो इसकी दर बढ़ जाती है। यही कारण है कि डॉक्टर किसी भी तरह की सूजन, बुखार या दर्द के कारणों की जांच के लिए ESR टेस्ट की सलाह देते हैं।
डॉ. सुन्नकर दत्त के अनुसार, ESR टेस्ट प्रत्यक्ष रूप से किसी विशेष बीमारी की पुष्टि नहीं करता, लेकिन यह संकेत जरूर देता है कि शरीर में कोई असामान्य प्रक्रिया चल रही है। यदि ESR का स्तर बढ़ा हुआ मिले तो यह कई स्थितियों की ओर इशारा करता है, जैसे बैक्टीरियल या वायरल इंफेक्शन, ऑटोइम्यून डिज़ीज़, टीबी, रूमेटाइड आर्थराइटिस, या गंभीर सूजन संबंधी रोग। गर्भावस्था में और एनीमिया की स्थिति में भी ESR स्वाभाविक रूप से बढ़ सकता है, इसलिए चिकित्सक जांच के साथ मरीज के लक्षणों को भी ध्यान में रखते हैं।
दूसरी ओर, अगर ESR का स्तर सामान्य या कम है तो इसका मतलब होता है कि शरीर में किसी बड़े स्तर की सूजन या संक्रमण की संभावना कम है। हालांकि कुछ स्थितियों, जैसे पॉलीसाइथीमिया या सिकल सेल रोग में ESR कम भी पाया जा सकता है। डॉक्टर ESR टेस्ट को अन्य जांचों जैसे CRP, CBC या कल्चर रिपोर्ट के साथ मिलाकर बीमारी का सही निदान करते हैं।
सामान्य तौर पर ESR टेस्ट किसी भी रोग की दिशा बताने वाला एक महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है। यह आसानी से और कम लागत में उपलब्ध होता है, इसलिए डॉक्टर स्वास्थ्य की आंतरिक गतिविधियों को समझने के लिए इसे नियमित रूप से करवाने की सलाह देते हैं।
क्यों कराया जाता है ESR टेस्ट?
दिल्ली एम्स में रेडियोलॉजी विभाग के पूर्व डॉ. सुन्नकर दत्त बताते हैं कि ESR टेस्ट इसलिए कराया जाता है क्योंकि यह शरीर में चल रही आंतरिक सूजन का शुरुआती संकेत देता है. जब शरीर पर किसी वायरस, बैक्टीरिया, ऑटोइम्यून बीमारी या चोट का असर होता है, तो खून में कुछ विशेष प्रोटीन बढ़ जाते हैं. ये प्रोटीन रेड ब्लड सेल्स को एक-दूसरे से चिपकाकर तेजी से नीचे बैठने में मदद करते हैं. इसी वजह से ESR का स्तर बढ़ जाता है.
यह टेस्ट डॉक्टरों को इस बात की जानकारी देता है कि शरीर में सूजन, संक्रमण, गठिया, बुखार, फेफड़ों या आंतों की समस्या जैसी कोई एक्टिव प्रक्रिया चल रही है या नहीं. यह टेस्ट किसी बीमारी की खुद पुष्टि नहीं करता, बल्कि डॉक्टर को आगे कौन सी जांच करनी चाहिए, इसका संकेत देता है. इसलिए कई बार बुखार लंबे समय तक रहना, जोड़ों में दर्द, कमजोरी या संक्रमण की आशंका में यह टेस्ट लिखा जाता है.
कैसे मापा जाता है ESR टेस्ट?
डॉ. सुन्नकर दत्त ने बताया कि ESR टेस्ट में खून का सैंपल एक लंबी, पतली ट्यूब में रखा जाता है और एक घंटे तक इसे स्थिर छोड़ दिया जाता है. समय पूरा होने पर देखा जाता है कि रेड ब्लड सेल्स कितने नीचे बैठे हैं. जितनी जल्दी वे नीचे जाते हैं, ESR उतना अधिक माना जाता है.
अगर ESR बढ़ा हुआ हो, तो यह शरीर में सूजन, संक्रमण, टिश्यू डैमेज या ऑटोइम्यून बीमारी का संकेत देता है. इससे बुखार, कमजोरी, जोड़ों में दर्द या थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं. वहीं, ESR कम होना आमतौर पर सामान्य माना जाता है, लेकिन कभी-कभी डिहाइड्रेशन या कुछ दवाओं के कारण भी कम आ सकता है. यह टेस्ट शरीर में हो रहे बदलावों की दर्शाता है.
टेस्ट के दौरान किन चीजों का ध्यान रखें
टेस्ट से पहले डॉक्टर को बताएं कि कोई दवा ले रहे हों.
खाली पेट या नॉर्मल, जैसा डॉक्टर बताए, वैसा ही फॉलो करें.
टेस्ट से पहले अधिक थकान या तनाव से बचें.
रिपोर्ट की तुलना हमेशा डॉक्टर से करवाएं, खुद अनुमान न लगाएं.
अगर बार-बार टेस्ट की जरूरत पड़े, तो दो टेस्ट के बीच पर्याप्त गैप रखें.















