मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमर पुत्र महेन्द्र निवासी अमित विहार कूकड़ा पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी विशेष पुत्र मनोज निवासी अमित विहार कूकड़ा और नीशू पुत्र मेहन्ती सिंह निवासी कमलनगर कूकड़ा खेतों में कॉम्बिंग के दौरान पकड़े गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर भागीरथ चौक पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सहावली की ओर से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी और बाइक छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अमर घायल होकर पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने खेतों में सघन कॉम्बिंग कर उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, 315 बोर के दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, एक चाकू, चोरी के दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने राहगीरों से मोबाइल और पैसे लूटने की बात स्वीकार की है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी सुनील कुमार और थाना प्रभारी आनन्द देव मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।























































