मुजफ्फरनगर जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला एकीकरण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला विकास अधिकारी मत्सय नाथ द्विवेदी ने सदन को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लोगों का सर्वेक्षण जनपद में जारी है, जो 31 मार्च 2025 तक पूरा किया जाएगा। इस सर्वे में उन परिवारों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनके पास आवास नहीं है या जिनके मकान कच्ची छत व दीवारों वाले हैं। यदि कोई पात्र परिवार सर्वेक्षण से छूट गया है, तो वे स्वयं ऐप के माध्यम से 31 मार्च तक अपना सर्वे करा सकते हैं, जिससे उन्हें आवास योजना का लाभ मिल सके। समिति के सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों का सर्वेक्षण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में राष्ट्रीय एकीकरण समिति के सदस्यों ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक संदेशों पर चिंता व्यक्त की और कहा कि ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उन पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। आम जनता को भी अपील की गई कि वे गलत संदेशों को आगे न बढ़ाएं और भाईचारे के साथ अपने-अपने त्योहारों को मनाएं, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे।
महिला कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्पॉन्सरशिप योजना समेत अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी साझा की। इसी तरह, मुख्य पशु चिकित्सा विभाग द्वारा भी अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय एकीकरण समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि कई जरूरतमंद लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में उनका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी वाले पंपलेट तैयार कराए जाएं और छोटे-छोटे कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता को वितरित किए जाएं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने इस सुझाव पर सहमति जताते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे अपनी योजनाओं की जानकारी वाले पंपलेट राष्ट्रीय एकीकरण समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराएं।
बैठक में समिति के सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए और विभिन्न सुझाव दिए, जिन पर जिला विकास अधिकारी ने अमल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉक्टर राजीव कुमार द्वारा भी विभिन्न योजनाओं के पंपलेट वितरित किए गए। बैठक में जिला विकास अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी और राष्ट्रीय एकीकरण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।















