मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना क्षेत्र में फुगाना सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सिंह के सेवानिवृत्त होने से पूर्व थाना फुगाना परिसर में एक भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सीओ नीरज सिंह 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन उससे एक दिन पूर्व मंगलवार को ही फुगाना थानाध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर थाना फुगाना सहित आसपास के थानों के दर्जनों पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
विदाई समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने सीओ नीरज सिंह के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके कार्यकाल की सराहना की। अपने संबोधन में सीओ नीरज सिंह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि फुगाना सर्किल में कार्य करते हुए उन्हें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि टीम वर्क के चलते छोटी-बड़ी कई घटनाओं का सफल खुलासा किया गया और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का प्रयास किया गया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करने की सलाह दी। सीओ नीरज सिंह ने कहा कि पुलिस से पीड़ितों को बहुत उम्मीदें होती हैं, इसलिए उनकी बातों को ध्यान से सुनना और सही तरीके से जांच करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास बना रहे।
सेवानिवृत्त सीओ ने यह भी कहा कि उनका मोबाइल नंबर सभी पुलिसकर्मियों के पास रहेगा और भविष्य में यदि किसी को किसी आपराधिक मामले के निस्तारण या कानूनी सलाह की आवश्यकता होगी तो वे हमेशा मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे। उनके इस आश्वासन से उपस्थित पुलिसकर्मियों में विशेष उत्साह और सम्मान का भाव देखने को मिला।
इस अवसर पर फुगाना थानाध्यक्ष विजय कुमार और तितावी थानाध्यक्ष द्वारा सीओ नीरज सिंह को स्मृति चिह्न के रूप में शिव परिवार की मूर्तियां, गीता और शाल भेंट की गई। कार्यक्रम में उप निरीक्षक राकेश कुमार, उप निरीक्षक कोशैन्द्र कुमार, कांस्टेबल अजय कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, महिला कांस्टेबल सोनम कुमारी सहित अनेक पुलिसकर्मी मौजूद रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।















