गाजियाबाद। जिला पूर्ति विभाग ने दिसंबर माह के लिए राशन वितरण की तिथियां घोषित कर दी हैं। विभाग के अनुसार 10 दिसंबर से 28 दिसंबर 2025 तक जनपद में पात्र राशनकार्डधारकों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा। पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि अंत्योदय कार्ड धारकों को 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल मिलेगा, जबकि साधारण राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट दो किलोग्राम गेहूं और तीन किलोग्राम चावल वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वितरण अवधि के दौरान विभागीय अधिकारी लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे, ताकि प्रत्येक लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में राशन समय पर प्राप्त हो सके। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे वितरण तिथि, उपलब्ध राशन की मात्रा और अन्य आवश्यक जानकारी अपनी दुकानों पर पूर्व में ही प्रदर्शित करें, ताकि कार्डधारकों को किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम का सामना न करना पड़े।















