मुज़फ्फरनगर में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए बिजली विभाग ने कमर कस ली है। अधिशासी अभियंता डीसी शर्मा ने जानकारी दी कि गर्मी के कारण बिजली की खपत में बढ़ोतरी होना तय है, इसलिए विभाग ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। यदि किसी क्षेत्र में ब्रेकडाउन लिया जाता है, तो उसकी पूर्व सूचना सार्वजनिक रूप से स्थानीय लोगों को दे दी जाती है। शर्मा ने बताया कि लाइन बदलने या फाल्ट ठीक करने जैसे तकनीकी कारणों से ही ब्रेकडाउन होता है, अन्यथा विद्युत आपूर्ति नियमित रूप से जारी रहती है।
स्मार्ट मीटर को लेकर डीसी शर्मा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में लगभग 90,000 उपभोक्ताओं में से 12,000 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। यदि किसी उपभोक्ता को बिल अधिक आने की शिकायत होती है, तो वहाँ यह मीटर प्राथमिकता से लगाया जाता है। हालांकि, अब तक किसी उपभोक्ता की बिल से संबंधित कोई विशेष शिकायत नहीं मिली है और सभी चेक मीटर भी सही पाए गए हैं। विभाग का कहना है कि अभी तक जितने भी स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वे सभी ठीक तरह से काम कर रहे हैं और किसी भी मीटर में कोई गड़बड़ी नहीं मिली है।















