सिरोही में हरीत विद्यालय योजना के अंतर्गत बालिकाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने और समाज के विकास की दिशा में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की 140 बालिकाओं ने अरठवाडा स्थित अत्याधुनिक खेती, काजरी पाली और केवीके पाली का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने पौधशाला, फार्मिंग, गार्डनिंग और आधुनिक खेती के बारे में गहराई से जानकारी ली। प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह आढ़ा और अनिता चौहान की उपस्थिति में दोनों बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। भ्रमण के दौरान सूरजपाल सिंह देवड़ा द्वारा अत्याधुनिक खेतों की सैर कराई गई, जिसमें थाई अमरूद, नींबू बग़ीचे और ड्रिप सिंचाई पद्धति का अध्ययन किया गया। काजरी पाली में वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने वर्मी खाद और आधुनिक खेती के तरीकों को बताया। अंत में, केवीके पाली का भ्रमण और जवाई रिवर फ्रंट शिवगंज की सैर की गई। इस यात्रा से बालिकाओं को कृषि और पर्यावरण के महत्व के बारे में एक नई दृष्टि मिली।















