मुज़फ्फरनगर के खालापार थाना क्षेत्र के मोहल्ला किदवई नगर स्थित जैनबिया स्कूल के पास प्रसाद वितरण के दौरान हुआ विवाद गंभीर रूप लेता जा रहा है। शनिवार देर रात तब्बारूक (प्रसाद) वितरण के समय दो युवकों के बीच आपसी झगड़ा हो गया। मामला बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शांतिपूर्वक समाधान निकालने के बजाय दोनों युवकों को धारा 151 में बिना लिखित शिकायत के हिरासत में ले लिया गया। इस कार्रवाई से नाराज़ शिया समाज ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण और अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया है।
शिया समाज के सेक्रेटरी एडवोकेट नसीम जैदी का कहना है कि पुलिस ने न केवल बिना वजह युवकों को पकड़ा, बल्कि बाद में चौकी इंचार्ज दरोगा गणेश शर्मा और हेड कांस्टेबल सत्येंद्र नागर ने चौराहे पर खड़े होकर शिया समाज व धार्मिक प्रसाद के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समुदाय में भारी रोष व्याप्त है।रविवार को अध्यक्ष रौनक हसनैन जैदी और एडवोकेट नसीम जैदी के नेतृत्व में सैकड़ों लोग जैनबिया स्कूल के बाहर एकत्र हुए और पुलिसकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चौकी इंचार्ज और सिपाही का स्थानांतरण करने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिसकर्मियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पुलिस चौकी को वहां से हटाने पर मजबूर होंगे।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। समाज के लोगों ने उन्हें घटनाक्रम विस्तार से बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यह चौकी उनकी जमीन पर स्थापित हुई थी, ताकि क्षेत्र की सुरक्षा बनी रहे, लेकिन अब वहीं पुलिस उत्पीड़न कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।















