मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के मद्देनजर प्रशासन ने 4 जुलाई को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस की तिथि में बदलाव किया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व अनुभाग-4, लखनऊ से जारी निर्देशों के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। शासन के पत्र के अनुसार, बेसिक शिक्षा अनुभाग-5 द्वारा सूचित किया गया है कि UPTET-2026 की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को प्रदेशभर में आयोजित की जा रही है। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए 4 जुलाई (शनिवार) को प्रस्तावित सम्पूर्ण समाधान दिवस को स्थगित कर 6 जुलाई (सोमवार) को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यापक स्तर पर ड्यूटी लगाई गई है, जिसके कारण जनसुनवाई कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन आवश्यक हो गया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा समाप्त होने के बाद शासनादेश संख्या वीआईपी-01/एक-4-2022-11बी-4/12 दिनांक 29 अप्रैल 2022 में दिए गए दिशा-निर्देशों का पूर्ववत पालन किया जाएगा।
ऐसे में जिले के सभी तहसीलों में आयोजित होने वाला सम्पूर्ण समाधान दिवस अब 4 जुलाई के बजाय 6 जुलाई, सोमवार को निर्धारित समय पर आयोजित होगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित तिथि के अनुसार आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि जनसुनवाई कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपनी शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण के लिए 4 जुलाई को तहसील मुख्यालयों पर न पहुंचें, बल्कि 6 जुलाई को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें। प्रशासन का कहना है कि इस परिवर्तन का उद्देश्य केवल UPTET-2026 परीक्षा के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करना है, ताकि परीक्षा व्यवस्था और जनसुनवाई दोनों कार्य बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।















