अलवर जिले के किशनगढ़बास इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी हंसराम उर्फ सूरज की हत्या कर उसकी लाश घर की छत पर रखे नीले ड्रम में छिपाई गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्या के पीछे हंसराम की पत्नी लक्ष्मी और मकान मालिक के बेटे जितेंद्र का हाथ है। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था और इसी कारण हंसराम को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
मामला 17 अगस्त की रात का है, जब मकान मालिक की पत्नी मिथिलेश देवी को घर की छत से तेज दुर्गंध आने लगी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छत पर रखे नीले ड्रम की तलाशी ली तो उसमें नमक डालकर छिपाई गई लाश बरामद हुई। जांच में मृतक की पहचान हंसराम उर्फ सूरज के रूप में हुई। मकान मालकिन ने बताया कि हंसराम की पत्नी लक्ष्मी, जिसे मोहल्ले में सुनीता के नाम से जाना जाता था, पानी भरने के बहाने उनसे नीला ड्रम मांगकर ले गई थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि हंसराम और जितेंद्र की दोस्ती एक ईंट भट्टे पर हुई थी। वहीं से जितेंद्र और हंसराम की पत्नी लक्ष्मी के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बाद में जब भट्टे का काम बंद हो गया तो जितेंद्र ने हंसराम और उसकी पत्नी को अपने घर किराए पर रखा। इसी दौरान जितेंद्र और लक्ष्मी का अफेयर गहराता चला गया। बताया जा रहा है कि जितेंद्र ने अपने परिवार से भी हंसराम और लक्ष्मी की असलियत छिपाई थी। उसने घरवालों को किराएदार के नाम सूरज और पत्नी का नाम सुनीता बताया। लेकिन जब हत्या का खुलासा हुआ और हंसराम का आधार कार्ड हाथ लगा, तब असली पहचान सामने आई।
डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण ने बताया कि यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और राजस्थान, हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार जितेंद्र अक्सर हंसराम को शराब पिलाता था। हंसराम की पत्नी लक्ष्मी उसकी शराब पीने की आदत से परेशान रहती थी। इस बीच लक्ष्मी और जितेंद्र के बीच नाजायज संबंध बन गए और दोनों ने मिलकर हंसराम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। मकान मालकिन मिथिलेश देवी ने बताया कि 16 अगस्त को जन्माष्टमी के दिन शाम करीब 5 बजे जब वह बाजार गईं तो लक्ष्मी बच्चों के साथ घर पर मौजूद थी। लेकिन जब वह लौटकर आईं तो लक्ष्मी अपने बच्चों समेत घर से गायब थी। उसी दिन से उनका बड़ा बेटा जितेंद्र भी फरार है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। यह घटना इलाके में सनसनी फैलाने वाली है। लोगों में चर्चा है कि कैसे पति की हत्या कर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई। ग्रामीणों का कहना है कि हंसराम भले ही शराब पीने का आदी था, लेकिन इस तरह की साजिश और हत्या की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे और हत्या की पूरी गुत्थी सुलझ जाएगी।















