राजगढ़ (अलवर)। राजगढ़-अलवर सड़क मार्ग पर बावड़ी तिराहे के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में फॉर्च्यूनर कार चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर का चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना मध्य रात्रि की है, जब एक फॉर्च्यूनर कार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोठीनारायणपुर चौकी इंचार्ज रमेश मीना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक की पहचान खेमराज (पुत्र नंदलाल मीना) निवासी पातरखेड़ा, दौसा के रूप में हुई है। हादसे के समय खेमराज अलवर से अपने गांव लौट रहा था। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक के पिता नंदलाल मीना ने राजगढ़ थाने में अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।























































