मुजफ्फरनगर जिले की खतौली पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए महज 20 घंटे में चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल खुलासा किया है। इस दौरान पुलिस ने लगभग 63 लाख 63 हजार रुपये की बरामदगी करते हुए एक फार्च्यूनर गाड़ी और उसमें रखी नकदी को वापस हासिल कर लिया। साथ ही, मामले में फरार चल रहे आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्यवाही को विभागीय स्तर पर एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।मामला 5 अगस्त 2025 का है, जब दिल्ली निवासी आयुष जैन ने खतौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने चाचा के साथ दिल्ली से खतौली आए थे और फार्च्यूनर (DL 07 CW 9600) से लगभग 13 लाख 65 हजार रुपये का कलेक्शन लेकर दिल्ली लौट रहे थे। गाड़ी प्रेम उर्फ परमेश्वर यादव चला रहा था। खतौली बाईपास पर स्थित एसवी पंजाबी ढाबा पर जब आयुष और उनके चाचा खाना खाने रुके, तो चालक ने खाने से इनकार कर दिया। कुछ देर बाद वह गाड़ी और उसमें रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गया।शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साधनों, विशेष रूप से सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जल्द ही पुलिस ने फरार चालक प्रेम उर्फ परमेश्वर यादव को दबोच लिया। उसके पास से चोरी की गई फार्च्यूनर गाड़ी और उसमें रखी ₹13,63,000 नकद रकम भी बरामद कर ली गई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम उर्फ परमेश्वर यादव पुत्र उपेन्द्र यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के मधुबनी जिले के फुलसपरास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्रहमपुर का निवासी है। वर्तमान में वह दिल्ली के कड़कड़डूमा इलाके में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी चल रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।पुलिस की इस टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक अमित चौधरी, उप निरीक्षक विनय शर्मा, कांस्टेबल सूरज, कांस्टेबल रोबिन कुमार, हैड कांस्टेबल मुनीश शर्मा, हैड कांस्टेबल शीतल देव, हैड कांस्टेबल उमेश मावी, कांस्टेबल शोबीर, कांस्टेबल विवेक, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और सर्विलांस सेल के हैड कांस्टेबल राहुल सिरोही ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पलिस की इस तेज कार्रवाई से न केवल फरियादी को राहत मिली है, बल्कि जिले में कानून व्यवस्था के प्रति आम जनता का भरोसा भी मजबूत हुआ है।















