मुजफ्फरनगर। तहसील बुढ़ाना में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों से पूरा बुढ़ाना देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा से शुरू होकर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंची, जहां राष्ट्रगान के गायन के साथ रैली का समापन हुआ। पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगों से माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। सेल्फी प्वाइंट पर प्रतिभागियों ने सेल्फी लेकर अभियान के प्रति अपना उत्साह भी प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक गौरव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान व जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
रैली में एमएलसी वंदना वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, पूर्व विधायक बुढ़ाना उमेश मलिक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देश भूषण, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि और तहसील स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना रहा।























































