भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
मुज़फ्फरनगर ,स्थानीय आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल, में स्पीक मैके के तत्वाधान में आयोजित कबीर वाणी कार्यक्रम ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में विश्व विख्यात पद्म श्री डॉ. भारती बंधु ने अपने सहयोगियों के साथ मनमोहक प्रस्तुति दी। कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों, उनके अभिभावकों और विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने कार्यक्रम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कबीर के प्रसिद्ध दोहों “उड़ जा हंस अकेला” और “जरा धीरे गाड़ी हांको मेरे राम गाड़ी वाले” को सुनकर श्रोता झूम उठे।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था के संस्थापक डॉ. सत्यवीर आर्य द्वारा किया गया, जिन्होंने डॉ. भारती बंधु और उनके सहयोगी कलाकारों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद, कार्यक्रम ने सभी को अपने शिखर पर पहुंचा दिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधक श्री सुघोष आर्य ने सभी अतिथियों को सम्मानित किया। प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिका आर्य ने सभी विशेष रूप से डॉ. भारती बंधु और उनके सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और स्पीक मैके को धन्यवाद दिया, जिसने नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से परिचित कराने का कार्य किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मृदुला मित्तल, नीति मित्तल, विपिन जैन, आशी, यशी, तीरथ राठी आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।















