क्या आंखों और दिमाग तक भी चली जाती है साइनस की बीमारी,

साइनस की बीमारी आज के समय में एक आम लेकिन गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। बदलती जीवनशैली, बढ़ता प्रदूषण, धूल-मिट्टी और एलर्जी के कारण बड़ी संख्या में लोग साइनस से प्रभावित हो रहे हैं। इस बीमारी में नाक बंद रहना, सिरदर्द, चेहरे में भारीपन, गले में लगातार बलगम आना और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं। कई लोग इन लक्षणों को सामान्य सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज कर देते हैं और समय पर इलाज नहीं कराते, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले सकता है।

ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. रवि मेहर के अनुसार साइनस कोई मामूली बीमारी नहीं है। यदि इसे लंबे समय तक बिना इलाज के छोड़ा जाए तो यह शरीर के अन्य हिस्सों, खासतौर पर आंखों पर भी असर डाल सकती है। उन्होंने बताया कि साइनस और आंखों के बीच की दूरी बहुत कम होती है और दोनों के बीच हड्डियां भी काफी पतली होती हैं। ऐसे में साइनस इंफेक्शन बढ़ने पर उसका असर आंखों तक पहुंच सकता है।

डॉ. रवि मेहर बताते हैं कि साइनस की गंभीर स्थिति में आंखों के आसपास सूजन आ सकती है, पलकों में दर्द, आंख लाल होना, धुंधला दिखना या आंखों को हिलाने पर दर्द महसूस होना जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। कुछ मामलों में इंफेक्शन आंखों की नसों तक पहुंच सकता है, जिससे दृष्टि पर भी खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हालांकि ऐसे मामले कम होते हैं, लेकिन लापरवाही बरतने पर जोखिम बढ़ जाता है।साइनस के मरीजों में सिरदर्द और चेहरे में दबाव की शिकायत आम होती है, लेकिन जब यह दर्द आंखों के आसपास बढ़ने लगे तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। यह संकेत हो सकता है कि इंफेक्शन फैल रहा है। डॉ. रवि मेहर के अनुसार बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों में यह खतरा अधिक रहता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि साइनस से बचाव के लिए समय पर इलाज बेहद जरूरी है। नाक को साफ रखना, धूल-मिट्टी से बचना, एलर्जी ट्रिगर से दूरी बनाना और डॉक्टर की सलाह से दवाइयों का सेवन करना चाहिए। बिना सलाह के नाक में स्प्रे या दवाइयों का लंबे समय तक इस्तेमाल नुकसानदायक हो सकता है।डॉ. रवि मेहर ने यह भी बताया कि यदि साइनस के साथ आंखों में दर्द, सूजन या देखने में परेशानी हो तो तुरंत ईएनटी या नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। समय रहते इलाज से न केवल साइनस को नियंत्रित किया जा सकता है, बल्कि आंखों को होने वाले गंभीर नुकसान से भी बचा जा सकता है। कुल मिलाकर, साइनस को हल्की बीमारी समझकर नजरअंदाज करना सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts