मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शनिवार को हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जनपद की सीमाओं में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में शिवभक्त श्रद्धालुओं का हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत और अभिनंदन भी किया गया।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान किया। इसके बाद पुलिस लाइन से लेकर भूराहेडी, पुरकाजी, छपार, अलकन्दा, रामपुर तिराहा, बागोवाली, शिव चौक, मिनाक्षी चौक, वहलना चौक, बेगराजपुर, मन्सूरपुर और खतौली सहित विभिन्न प्रमुख कांवड़ मार्गों का हवाई सर्वेक्षण किया गया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा इंतजाम और यातायात व्यवस्था को परखा।हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रियों पर फूलों की वर्षा होते ही शिवभक्त श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल बन गया। पुष्प वर्षा से भावविभोर कांवड़ियों ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने प्रशासन के इस स्वागत का उत्साहपूर्वक अभिवादन किया।
हवाई निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। हेलीकॉप्टर से किए गए निरीक्षण के माध्यम से प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर व्यवस्थाओं को परखा गया। अधिकारियों ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

























































