बबेरू/बांदा। जिलाधिकारी जे.रीभा की अध्यक्षता में तहसील बबेरू में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनशिकायतों का निस्तारण गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्धता के साथ किया जाये। सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील बबेरू में कुल 103 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से राजस्व विभाग, पुलिस, विकास, विद्युत व अन्य विभागों से सम्बन्धित आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से आज मौके पर 08 शिकायतों का निस्तारण, जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से कराया।
संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम हरदौली के एक फरियादी द्वारा अवैध कब्जा होने की शिकायत पर जिला अधिकारी ने हरदौली लेखपाल को मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। बीलगांव के एक फरियादी द्वारा उसकी भूमिधरी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत पर लेखपाल एवं संबंधित पुलिस अधिकारी के साथ मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। एक फरियादी द्वारा विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के प्रार्थना पत्र पर उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत कनेक्शन शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम परसोली के एक फरियादी द्वारा उसकी जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत पर लेखपाल को भूमि की पैमाइश कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना के अंतर्गत पाइप लाइन से पानी लीकेज की शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल जीवन मिशन को लीकेज को तत्काल ठीक कराए जाने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल द्वारा पुलिस विभाग से संबंधित समस्याओं को सुनते हुए उनका निस्तारण करने के निर्देश संबंधी पुलिस अधिकारियों को दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील बबेरू में उप जिलाधिकारी बबेरू अवनीश कुमार, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।















