निर्माण कार्यों को प्राथमिकता पर तेज गति से पूर्ण कराएं : डीएम

बांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में  कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति एवं जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत दिव्यांग सुलभ शौचालय, कक्षा कक्ष टायलीकरण और बाउंड्री वाल के कार्यों को प्राथमिकता पर तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश खंड विकास अधिकारियों को दिए। टायलीकरण कार्य को एक माह के भीतर हर हाल में पूर्ण करने को कहा गया।

डीएम ने विकासखंड महुआ में कार्यों की रफ्तार को और तेज करने के निर्देश दिए। सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। इसके साथ ही विकास खंडों में संचालित अन्य विकास कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए।

उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी खंड विकास अधिकारियों को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की भौतिक प्रगति लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चयनित ग्रामों को मॉडल गांव घोषित करने की प्रक्रिया को तेज करते हुए सभी आवश्यक विकास कार्य मॉडल मानकों के अनुसार पूर्ण कराने पर जोर दिया।

डीएम ने कूड़ा निस्तारण के लिए आरआरसी सेंटरों के संचालन, ऑनलाइन सिटिजन एप पर प्राप्त स्वच्छ शौचालय आवेदनों के सत्यापन और फीडिंग कार्यों को भी प्राथमिकता पर रखने को कहा। स्वच्छ भारत कोष से की गई रेट्रो फिटिंग और जियो टैग कार्यों की समीक्षा की गई तथा सर्वे की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। फेस-2 की ऑडिट रिपोर्ट और उपभोग प्रमाण पत्र समय पर प्रस्तुत करने को कहा गया।

विकास खंडों में कूड़ा निस्तारण के लिए चलाए जा रहे ई-रिक्शा संचालन की समीक्षा कर आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी माया शंकर, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts