बांदा में मंगलवार को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी जे. रीभा द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर की गई। यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक संचालित होगा। रैली में छात्रों, आशाओं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। अभियान के तहत मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, टीबी, डायरिया जैसे रोगों से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. प्रसाद ने बताया कि 13 विभागों की भागीदारी से साफ–सफाई, जलजमाव रोकथाम, ओआरएस–जिंक वितरण, क्लोरीनेशन, फॉगिंग जैसी गतिविधियां की जाएंगी। दस्तक अभियान के दौरान घर–घर जाकर बुखार और कुपोषण से पीड़ितों की पहचान, टीबी रोगियों की सूची तैयार करना और जनमानस को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि, जिला मलेरिया अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अनेक विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।















