समीक्षा अधिकारी परीक्षा के लिए बसों की अतिरिक्त व्यवस्था, नकलविहीन परीक्षा के निर्देश

सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने कल होने वाली समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा के लिए जूम मीटिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं परिवहन विभाग द्वारा बसों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सहारनपुर रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज बस स्टैंड के पास से सभी प्रमुख मार्गों पर रोडवेज की बसें अतिरिक्त फेरे लगाएं एवं शहर से बाहर जाने वाले मुख्य मार्गों के लिए यथा गागलहेड़ी एवं नागल, बेहट रोड, नकुड रोड, चिलकाना रोड, सरसावा रोड रामपुर मनिहारान रोड के लिए भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को भी छात्रों को सुगमतापूर्वक परीक्षा केंद्र पहुंचाने के लिए अवगत करा दिया जाए। परीक्षा को सुरक्षित एवं शुचितापूर्ण संपादित करने हेतु सभी उपजिलाधिकारी, स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्र पर आयोग के निर्देशों के क्रम में सभी व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र पर्यवेक्षक निर्धारित प्रक्रियानुसार परीक्षा के सफल संचालन एवं परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लगन, सजगता, आत्मानुशासन एवं समयबद्धता से सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्व परीक्षाओं की भांति पूरी पारदर्शिता के साथ नकलविहीन संपन्न करायी जाये। इसकी संवेदनशीलता, शुचिता एवं पारदर्शिता किसी भी स्तर पर भंग न हो, यदि कोई भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। जनपद में काफी संख्या में अभ्यर्थियों का मूवमेंट होगा। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसलिये अधिकारी सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। समीक्षा एवं सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा जनपद में 56 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगी। परीक्षा पूर्वान्ह 09ः30 से अपरान्ह 12ः30 बजे तक एक सत्र में होगी। उन्होने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें। नकल विहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में उन्होंने कहा कि परीक्षा के संबंध में आयोग द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये। जूम मीटिंग में सभी सैक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts