मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी अजय बालियान का उत्तर प्रदेश पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे के तहत चयन होने पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने उन्हें सम्मानित किया। जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अजय बालियान को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं और खेल किट भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाता है। अजय बालियान ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल जनपद मुजफ्फरनगर बल्कि पूरे प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस सेवा में शामिल होने के बाद भी अजय खेलों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन जारी रखते हुए युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।
कार्यक्रम में प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने भी अजय बालियान को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के अन्य खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है तथा सरकार भी खिलाड़ियों को विभिन्न योजनाओं और स्पोर्ट्स कोटे के माध्यम से बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है।
इस मौके पर बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अजय बालियान को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अजय बालियान के पिता सुनील कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने पुत्र की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और उपस्थित सभी लोगों ने अजय बालियान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह पुलिस सेवा के साथ-साथ खेल जगत में भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे और जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।























































