औरैया जनपद के विकासखंड एरवाकटरा में शासन की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय दिव्यांगजन सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिलाधिकारी के निर्देशन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजन लाभान्वित हुए।
शिविर में जरूरतमंद लाभार्थियों को कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कुल 10 ट्राईसाइकिल, 2 व्हीलचेयर, 5 वैशाखियां, 5 कान की मशीनें और अन्य सहायक सामग्री वितरित की गई। इसके अतिरिक्त कई पात्र दिव्यांगजनों से आवेदन लेकर उन्हें पेंशन योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने हेतु चिन्हित किया गया, जिससे भविष्य में उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को सशक्त किया जा सके।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु निर्देशित किया गया। यह प्रयास न केवल सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना, बल्कि इससे दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास भी उत्पन्न हुआ।कार्यक्रम में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कर्मचारी ब्रजेश कुमार चक, जितेन्द्र वर्मा, सोमपाल, आज़ाद भगत सिंह कुमार और विपिन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संपूर्ण प्रक्रिया जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी की देखरेख में पारदर्शिता व समर्पण के साथ संपन्न कराई गई। यह शिविर दिव्यांगजनों के लिए सहारा और प्रेरणा दोनों का कार्य करता दिखाई दिया।















