मुजफ्फरनगर में मंडल स्तरीय उद्योग गोलमेज सम्मेलन, आईटीआई-उद्योग साझेदारी को नई दिशा

मुजफ्फरनगर के राजकीय आईटीआई परिसर स्थित सभागार में मेधा फाउंडेशन के सहयोग से मंडल स्तरीय उद्योग गोलमेज सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल की दूरदृष्टि के अनुरूप तथा प्रशिक्षण निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य उद्योग और आईटीआई संस्थानों के बीच समन्वय को सशक्त बनाकर युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण और बेहतर प्लेसमेंट अवसर उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जगमोहन गोयल, अध्यक्ष लघु उद्योग भारती मुजफ्फरनगर, तथा विशिष्ट अतिथि अमित जैन, अध्यक्ष आईआईए मुजफ्फरनगर, द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। सम्मेलन में बीरेन्द्र बहादुर सिंह, संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण/शिक्षुता) सहारनपुर मंडल, निधि, एचआर आईआईए गाजियाबाद, कमलजीत सिंह महरूक, सीएसटीआई हेड एल एंड टी, सहित मेरठ व सहारनपुर मंडल के सभी राजकीय आईटीआई प्रधानाचार्य और लगभग 21 प्रतिष्ठित उद्योगों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गोलमेज सम्मेलन के दौरान खुले मंच के माध्यम से उद्योग-आईटीआई साझेदारी को प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। संयुक्त निदेशक बीरेन्द्र बहादुर सिंह ने विभागीय योजनाओं जैसे डीएसटी, ओजेटी, शिक्षुता प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, उद्योग भ्रमण और उद्योग टॉक के क्रियान्वयन पर विचार साझा किए। इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए रणनीति तैयार करने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने पर सहमति बनी।

मेधा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने उद्योग और आईटीआई के बीच मजबूत मध्यस्थ तंत्र विकसित करने पर बल दिया। सम्मेलन के दौरान उद्योगों और आईटीआई संस्थानों के बीच लगभग 20 सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में नोडल प्रधानाचार्य मुकेश प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, उद्योग प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। यह आयोजन कौशल विकास और उद्योग समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts