कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जिला पंचायत अध्यक्ष ने लिया जायजा.

मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने जनपद से होकर गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत के अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य कांवड़ियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना तथा यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेना रहा।निरीक्षण के दौरान डॉ. वीरपाल निर्वाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईवे और संपर्क मार्गों पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरने के साथ आवश्यक स्थानों पर पैचवर्क कराया जाए, ताकि कांवड़ियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कांवड़ मार्गों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कर मार्ग को चौड़ा एवं सुरक्षित बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु इन मार्गों से गुजरते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर स्वच्छ पेयजल, छायादार विश्राम स्थल, मोबाइल शौचालय और प्राथमिक उपचार केंद्रों की व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए। इसके अलावा रात्रि के समय कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी करने पर जोर दिया।डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि आस्था और सेवा का महापर्व है। जिला पंचायत का प्रयास रहेगा कि जनपद से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िये को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत की ओर से कांवड़ियों की सेवा के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे और किसी भी शिविर अथवा कांवड़ मार्ग पर सुविधाओं की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके और श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts