मुजफ्फरनगर में मा0 जिला न्यायधीश डा0 अजय कुमार द्वितीय, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुरुष व महिला बैरकों, रसोईघर की स्थिति की जांच की गई और सफाई व्यवस्था को विशेष रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बंदियों को मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इसके बाद पुरुष व महिला बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। कारागार परिसर व कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव और मुलाकाती रजिस्टर का अवलोकन किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर जैमर प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई।
कारागार परिसर में स्थित अस्पताल का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता और ओपीडी सेवाओं की समीक्षा की गई। निर्देश दिया गया कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। जेल अधीक्षक को आदेश दिया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएं, शातिर बंदियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश को रोका जाए और सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।
अंत में जेल परिसर में तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल, जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रितेश सचदेवा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















