मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिला कारागार का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और बंदियों को दी जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल में बंद पुरुष एवं महिला बंदियों को शासन की मंशा के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोकना रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले पुरुष और महिला बैरकों का अवलोकन किया। बैरकों में साफ-सफाई की स्थिति को देखा गया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही रसोईघर का निरीक्षण करते हुए बंदियों को मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।इसके बाद जिलाधिकारी और एसएसपी ने पुरुष एवं महिला बंदियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बंदियों से जेल में मिलने वाली सुविधाओं, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली। बंदियों की शिकायतों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कारागार परिसर और कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव, मुलाकाती रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से जेल में लगी जैमर प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली को भी परखा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा उपकरण सुचारु रूप से कार्य करते रहें ताकि जेल के अंदर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में स्थित अस्पताल का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी की स्थिति और मरीजों के उपचार की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बंदियों के इलाज में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए और जरूरत पड़ने पर समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।जिला कारागार अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि शासन की मंशा के अनुरूप जेल में बंदियों को मिलने वाली सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही शातिर और संवेदनशील बंदियों पर कड़ी निगरानी रखने, जेल परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश को रोकने और साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी और एसएसपी ने जेल में तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अनुशासन व सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी नई मंडी बृजेश कुमार शर्मा, महिला थाना प्रभारी संगीता डांगर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
















