मुजफ्फरनगर के लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के अवसर पर सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद स्तर के समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य सुशासन की अवधारणा को मजबूत करना, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा करना तथा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश श्रीवास, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सन्दीप कुमार, जिला पंचायत अधिकारी और डॉ अखिलेश शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश शर्मा ने सभी अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यशाला में सुशासन की भूमिका, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेई के जीवन, उनके विचारों और देश के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि सुशासन केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के प्रति उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता का प्रतीक है। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और ग्रामीण विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इससे ग्राम स्तर पर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलने की बात कही गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए शासन-प्रशासन से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार, डॉ रणवीर सिंह और आशीष द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने मंच संचालन के साथ-साथ कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया। कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सुशासन के मूल्यों को अपने कार्यों में अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल और प्रेरणादायी बताते हुए उपस्थित लोगों ने विद्यालय प्रबंधन और जिला प्रशासन की सराहना की।















