मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के अंतर्गत नगर क्षेत्र मुजफ्फरनगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा कुमारी वंशिका को 25 सितंबर 2025 को एक दिवस के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद पर आसीन कराया गया। इस दौरान उन्हें कन्या सुमंगला योजना की पत्रावली का अवलोकन कराया गया और छात्रवृत्ति के रूप में विभिन्न कक्षाओं में छात्राओं को दी जाने वाली धनराशि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यालय के समस्त जिला समन्वयक एवं पटल सहायकों ने अपने-अपने पटल पर संपादित किए जाने वाले कार्यों के विषय में वंशिका को अवगत कराया। साथ ही छात्राओं के हित में संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों जैसे मीना मंच, रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण आदि के बारे में भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने वंशिका से उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछा। वंशिका ने बताया कि वह पढ़-लिखकर डीएसपी बनना चाहती हैं। इस पर संदीप कुमार ने उन्हें यूपीपीसीएस परीक्षा में चयन की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान समस्त जिला समन्वयक, पटल सहायक व वार्डन बबीता शर्मा भी उपस्थित रहीं।























































