मुज़फ्फरनगर के नुमाइश मैदान स्थित भव्य पंडाल में राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार नरेंद्र कश्यप द्वारा दिव्यांगजनों और पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए आयोजित बड़े वितरण समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर की गई। इसके बाद राधा माधव संगीत कला केंद्र की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया।इस विशेष आयोजन का उद्देश्य दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना था। कार्यक्रम के दौरान कुल 217 ट्राईसाइकिलें, 112 व्हीलचेयर, 51 स्मार्ट केन, 22 कान की मशीनें एवं 40 बैसाखियां दिव्यांगजन को वितरित की गईं। यह वितरण न केवल दिव्यांगजनों के लिए राहत और सहारा प्रदान करने वाला रहा, बल्कि उनके आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित पूर्वदशम छात्रवृत्ति, दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत 50 छात्रों को सांकेतिक रूप से प्रमाण पत्र दिए गए। विभाग की ओर से जानकारी साझा की गई कि अब तक जनपद में पूर्वदशम श्रेणी में 3525 छात्र–छात्राओं को तथा कक्षा 11-12 श्रेणी में 3059 विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाया जा चुका है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि आज उपस्थित सभी दिव्यांगजन अपनी जरूरत के सभी उपकरण लेकर जाएंगे। उन्होंने उपस्थित लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं और यह भी आश्वासन दिया कि जो लोग ठंड या दूरी की वजह से समारोह में नहीं पहुंच पाए हैं, उन्हें उनके घर पर जाकर सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि विभाग की प्रतिबद्धता है कि कोई भी दिव्यांगजन अपनी जरूरत से वंचित न रहे और सभी को सुविधाएं उनके घर तक पहुंचाई जाएं।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी जनहित योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं से वंचित न रहने दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपादित किया जाए।समारोह का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के उपनिदेशक एमपी सिंह, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, सहारनपुर मंडल के उपनिदेशक राजकुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शक्ति सरन श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।यह कार्यक्रम जिले में दिव्यांगजन और पिछड़ा वर्ग कल्याण की दिशा में सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी पहल है।















