सहारनपुर, विकास भवन सभागार में सांसद इमरान मसूद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति ‘‘दिशा’’ की बैठक आयोजित हुई। बैठक में भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।बैठक में मनरेगा, दीन दयाल अन्त्योदय योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, स्मार्ट सिटी मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और सर्व शिक्षा अभियान आदि पर चर्चा हुई।
सांसद ने कहा कि सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ जनपदवासियों तक पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को 15वें वित्त एवं राज्य वित्त के स्त्रोतों से कार्य हेतु शासन को भेजा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिलान्यास व उद्घाटन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए और उनके नाम शिलापट्ट पर अंकित हों।
उन्होंने पीएम आवास शहरी योजना की सूची संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर निगम को आदेश दिया कि निगम क्षेत्र में शामिल 32 गांवों में जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी जरूरी कदम उठाने को कहा।
बैठक में कैराना सांसद इकरा हसन, एमएलसी शाहनवाज खान, विधायक देवेंद्र निम, विधायक आशू मलिक, विधायक उमर अली खान, नगर आयुक्त शिपू गिरी, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य चिकित्साधिकारी प्रवीण कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।















