कुचामन सिटी में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की मौजूदगी में हुआ ऐलाननागौर देहात भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) संगठन ने अपने नए जिलाध्यक्ष के रूप में सुनीता रांदड़ को चुना है। यह घोषणा कुचामन सिटी में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की उपस्थिति में की गई। सर्वसम्मति से चुनी गईं सुनीता रांदड़ ने इस उपलब्धि को पार्टी के प्रति आम कार्यकर्ता के विश्वास और समर्पण का परिणाम बताया।

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने कहा, “पार्टी ने एक आम कार्यकर्ता को यह सम्मान देकर साबित कर दिया है कि मेहनत और निष्ठा से संगठन में आगे बढ़ा जा सकता है। मंडल अध्यक्ष से जिलाध्यक्ष तक का सफर तय करना मेरे लिए गर्व का विषय है। अब मैं पार्टी की नीति और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करूंगी और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाऊंगी।”इस मौके पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी हित में एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को टीम भावना के साथ काम करना होगा।सुनीता रांदड़ की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, और सभी ने उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।















