मुजफ्फरनगर। महर्षि कालू बाबा की जयंती के अवसर पर नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। संत महर्षि कालू बाबा सेवा समिति और कश्यप समाज के तत्वावधान में शामली रोड स्थित काली नदी के पास भगवान महर्षि कश्यप चौक पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन यज्ञ से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें क्षेत्रीय संत-महात्माओं और समाजसेवियों ने आहुतियां अर्पित कर देश की समृद्धि व शांति की कामना की।
इस मौके पर राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष व समाजसेवी मनीष चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने हवन कर पूजा-अर्चना की और विशाल भंडारे का शुभारंभ किया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अपने संबोधन में मनीष चौधरी ने कहा कि महर्षि कालू बाबा ने मानव सेवा, धार्मिक एकता और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें, हर धर्म का सम्मान करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यह समाज ऐतिहासिक रूप से महान है, जिसने प्रभु सियाराम की सहायता की थी, लेकिन आज कई समस्याओं में उलझा हुआ है। इसके समाधान के लिए शासन और प्रशासन को भी गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा नेता मोहन तायल ने भी पहुंचकर महर्षि कश्यप को माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष नवीन कश्यप, लक्ष्य कश्यप, हंसराज कश्यप, नरेश कश्यप एडवोकेट, प्रमोद कश्यप, रवि कश्यप, राजन कश्यप, सुखपाल कश्यप, धर्म सिंह कश्यप, प्रदीप कश्यप, आदेश कश्यप, ऊषा कश्यप, मदन कश्यप, नेपाल कश्यप, सोनू कश्यप सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। आयोजकों ने युवाओं को सामाजिक समरसता, देशभक्ति और सेवा भाव का संदेश दिया।
















