राजगढ़ (अलवर)। राजगढ़-अलवर सड़क मार्ग पर स्थित अलेई ग्राम के श्री श्री 1008 श्री धूणी वाले बाबा सीताराम बाबा के आश्रम में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विधिवत समापन हुआ। समापन के उपरांत गुरु पूजन और हवन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। स्थान के श्रद्धालु नंदू भगत ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर्व पर आश्रम में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण रहा। इस अवसर पर दिल्ली, कोलकाता, हरियाणा, राजस्थान सहित देशभर के दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा सीताराम के चरणों में गुरु भक्ति अर्पित की।















