राजगढ़ (अलवर)। अभिभाषक मंडल राजगढ़ की सत्र 2025-26 की नई कार्यकारिणी के चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए। मुख्य चुनाव अधिकारी राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस बार चुनाव में अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 147 में से 136 सदस्यों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए गए, जिनमें विभिन्न पदों पर नए प्रतिनिधियों का चयन हुआ। सबसे अधिक चर्चा अध्यक्ष पद के चुनाव की रही, जिसमें देवेंद्र शर्मा ने 82 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राकेश जांगिड़ को 29 मतों के अंतर से पराजित करते हुए यह महत्वपूर्ण पद अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने संगठन के नेतृत्व की कमान संभाल ली है।
उपाध्यक्ष पद पर पुखराज शर्मा ने कड़ा मुकाबला जीतते हुए 50 मत हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सुभाष चंद शर्मा को मात्र 46 मत मिले और इस प्रकार 4 मतों के अंतर से यह पद पुखराज शर्मा के पक्ष में रहा। इसी तरह सचिव पद के लिए हुए चुनाव में भी उत्सुकता बनी रही, जिसमें बलराम शर्मा ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने 83 मत प्राप्त कर अपने मुकाबले में उतरे जितेंद्र कुमार सैनी को 36 मतों से हराकर सचिव पद पर कब्जा जमाया। सह सचिव पद पर आशीष सिंह ने 80 मतों के साथ जीत दर्ज की और उन्होंने भगवान सहाय शर्मा को 26 मतों से पीछे छोड़ दिया। अंकेक्षक पद के लिए हुए चुनाव में भी मुकाबला रोचक रहा, जिसमें राजकुमार सिंह चौहान ने अपने प्रतिद्वंदी प्रेम किशोर शर्मा को 25 मतों के अंतर से परास्त कर अपनी विजय सुनिश्चित की।
इन सभी परिणामों के साथ नई कार्यकारिणी आधिकारिक रूप से घोषित कर दी गई है। इससे पहले कोषाध्यक्ष पद पर शोभित पालीवाल को निर्विरोध चुना जा चुका था। चुनाव परिणाम घोषित होते ही उपस्थित अभिभाषकों ने विजयी प्रत्याशियों का स्वागत फूलमालाएं पहनाकर और साफा बांधकर किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सौहार्द का वातावरण बना रहा। अभिभाषक समुदाय को नई कार्यकारिणी से बड़ी उम्मीदें हैं और अधिवक्ता संगठन को नई दिशा व ऊर्जा मिलने की संभावना जताई जा रही है।















