400 मीटर दौड़ में गोल्ड जीतकर अक्षी मलिक ने किया मुजफ्फरनगर का नाम रोशन, गांव में हुआ भव्य स्वागत

मुजफ्फरनगर की बेटी अक्षी मलिक ने यह साबित कर दिया कि जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ग्राम कड़ीखेड़ा की होनहार खिलाड़ी अक्षी मलिक ने चंडीगढ़ विद्यालय की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए राजस्थान में आयोजित प्रतियोगिता की 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। शुक्रवार को जब अक्षी मलिक जनपद लौटीं तो ग्राम कड़ीखेड़ा सहित आसपास के गांवों के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। खुली कार में फूल-मालाओं के बीच विजेता खिलाड़ी का स्वागत काफिला गांव में प्रवेश करते ही उत्साह और उमंग का वातावरण दिखाई दिया।

स्वागत कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डा वीरपाल निर्वाल, चरथावल विधायक पंकज मलिक, बीकेयू जिला अध्यक्ष नवीन राठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अक्षी मलिक को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। डा निर्वाल ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेल जगत में तो उन्होंने नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि अक्षी मलिक ने पूरे जनपद का नाम रोशन किया है और उनकी यह सफलता अन्य बेटियों को भी प्रेरित करेगी। विधायक पंकज मलिक ने भी गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दौड़ जैसी कठिन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर मेरे गांव की बेटी ने नया इतिहास रच दिया है।

सेवानिवृत इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने अक्षी मलिक को 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं ने भी खिलाड़ी का सम्मान किया और उनके काफिले पर पुष्प वर्षा की। स्वागत समारोह में जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र कुमार उर्फ बिल्लू तथा डा विपिन त्यागी ने भी अक्षी मलिक और उनके माता-पिता को बधाई दी तथा कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। आयोजन में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, ग्रामीण और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजीव कुमार मासूम ने किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts