मुजफ्फरनगर में विकास चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ,

मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड) के मानेकशॉ सभागार में चार दिवसीय विकास चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी 17 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों को चित्रों एवं फोटोग्राफ के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कपिल देव अग्रवाल ने उपस्थित नागरिकों को केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनके लाभों के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश के किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, रोजगार, स्वरोजगार, सड़क एवं यातायात संपर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

राज्य मंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, फोर लेन सड़कों और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के माध्यम से यातायात और कनेक्टिविटी को नई दिशा मिली है।

प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा विकास परियोजनाओं को चित्रों और फोटोग्राफ के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से प्राप्त हो सके। कपिल देव अग्रवाल ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने प्रदर्शनी परिसर में बनाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाया। कार्यक्रम से पूर्व अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह तथा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राजीव चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने का प्रभावी प्रयास किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts