मुजफ्फरनगर में सांसद हरेंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन के सभागार में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत में मुख्य विकास अधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा की गई प्रगति से अवगत कराया। बैठक में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को अपने कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के पात्र अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, इसलिए सभी विभाग शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास से जुड़े सभी कार्यों की अद्यतित सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि पारदर्शिता और कार्य की गति को सुनिश्चित किया जा सके।
सांसद ने अधिकारियों से यह भी कहा कि यदि किसी विभाग को कार्य संचालन में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो उसे तत्काल अवगत कराया जाए ताकि समय पर समाधान किया जा सके। जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए पत्राचार और फोन कॉल्स का तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय एवं ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सर्व शिक्षा अभियान, आयुष्मान भारत योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम पोषण मध्यान्ह भोजन, राष्ट्रीय राजमार्ग कार्य, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा पीएम कुसुम योजना सहित अनेक विकास बिंदुओं की समीक्षा की गई।
सांसद ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि गांवों में प्रभावी सर्वे कराकर सूची तैयार की जाए तथा उसी के आधार पर कैंप आयोजित कर दिव्यांग उपकरणों का वितरण किया जाए। कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि किसानों के हित में समय से बीज और खाद उपलब्ध रहे, इसके लिए मांग समय से भेजी जाए तथा बीज भंडारों में बिक रहे प्रमाणित बीजों की नियमित जांच की जाए। मंडी समिति की खराब सड़कों को जल्द ठीक कराने और प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर भेजने के निर्देश भी दिए गए। हर घर जल योजना के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कार्य पूर्ण होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को भी सही कराने का आदेश दिया गया। सांसद ने शोरम गांव को आदर्श गांव के रूप में शामिल करने की बात भी कही।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि गांवों में पशुओं में मुंहपका-खुरपका रोग की जांच की जाए। वहीं विधायक मीरापुर द्वारा कैलाशपुरी-जीवनपुरी में अंडरपास की आवश्यकता पर ध्यान देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निरीक्षण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष, मीरापुर एवं बुढ़ाना के विधायक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
















