मुजफ्फरनगर। बुढाना क्षेत्र में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी बुढाना मोनालिसा जौहरी, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेंद्र कुमार और तहसीलदार महेन्द्र कुमार ने संबंधित विभागों के साथ एक बैठक कर यात्रा मार्ग की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, नगर पालिका, पुलिस और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए।उपजिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल, चिकित्सा सहायता, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था जैसे सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। मोनालिसा जौहरी ने स्वयं प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और तैयारियों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हर पॉइंट पर साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा प्रबंधन की गहन समीक्षा की।क्षेत्राधिकारी गजेंद्र कुमार ने भी सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा एक धार्मिक आस्था का विषय है और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इस दौरान श्रद्धालुओं को हर सुविधा मिले। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की, ताकि कोई भी परेशानी उत्पन्न न हो।उपजिलाधिकारी ने दोहराया कि शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या ढिलाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। बैठक और निरीक्षण के दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक मुस्तैदी और प्रतिबद्धता साफ तौर पर नजर आई।















