महाराष्ट्र के सांगली जिले से एक हिला देनेवाली खबर सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी 10 और 11 साल की दो बेटियों को पीटा और उन्हें घर की छत से उल्टा लटका दिया। वह बेटियों को ऐसे ही रातभर लटकाए रहा।सुबह तक एक बच्ची की मौत हो गई। दूसरी बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है। बच्चियों पर एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुराने का संदेह था। में 10 वर्षीय एक लड़की की कथित तौर पर उसके पिता द्वारा उसे घर में उल्टा लटकाकर रखने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि लड़की के किसान पिता दादू उर्फ नाना यमगर को पकड़ लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार को तब सामने आई जब दादू अपनी बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचा। उसने अस्पताल में डॉक्टर्स को बताया कि उसकी बेटी ऋतुजा बीमार है। जब डॉक्टर्स ने चेक किया तो उन्होंने बताया कि उसकी मौत हो चुकी थी।
डॉक्टर्स ने पुलिस को दी सूचना
डॉक्टर्स को दादू की बातों से कुछ गड़बड़ लगी। उन्होंने सांगली के अतपड़ी तालुका में पुलिस को सूचना दी। ऋतुजा की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। यहां दादू से पूछताछ की गई। उसके बार-बार बयान बदलने के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
रिश्तेदार के घर रुपये चुराने का आरोप
पुलिस अधिकारी ने बताया की दादू ने अपनी दो बेटियों ऋतुजा और अनुजा के हाथ-पैर बांधकर उन्हें घर की छत के नीचे दीवार पर लगे लोहे के कोण से उल्टा लटका दिया था। वह गुस्से में था क्योंकि उसे शक था कि दोनों लड़कियों ने अतपड़ी के बनपुरी स्थित एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुराए थे।
रातभर बच्चियों को लटकाए रखा
पुलिस के अनुसार यमगर के पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव करने और लड़कियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसने उन्हें हंसिया से हमला करने की धमकी दी। दोनों लड़कियां पूरी रात उल्टी लटकी रहीं। पुलिस के मुताबिक, ऋतुजा की पानी की गुहार भी उसके दिल को नहीं पिघला पाई। सुबह दोनों लड़कियां बेहोश पाई गईं, जिसके बाद उन्हें नीचे उतारा गया। नाबालिग बहनों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ऋतुजा की हालत बिगड़ गई।
पुलिस ने बताया कि पंढरपुर (सोलापुर जिले में) के एक अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उनकी बहन अनुजा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल अधिकारियों द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दिए जाने के बाद, लड़कियों के पिता को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का दावा है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर है। पुलिस के अनुसार, यमगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।















