भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में डर का माहौल पैदा कर दिया है. मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में उठ रही चक्रवाती हवाओं की वजह से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में चक्रवात तूफान आने का अलर्ट जारी किया है. अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि इसके 21 अक्टूबर से तेज होने की संभावना है.साथ ही आसपास की बंदरगाहों के लिए चेतावनी जारी की गई है, मौसम विभाग के एक अधिकारी ने PTI को बताया, “निकोबार द्वीप समूह के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (7-11 सेमी) होने की बहुत संभावना है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर 21, 22 और 23 अक्टूबर को एक या दो स्थानों पर तूफान के साथ 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी आने की संभावना है.” उन्होंने कहा कि 24 और 25 अक्टूबर को भी तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
तेज चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग अधिकारी ने बताया कि 22 से 23 अक्टूबर तक अंडमान सागर में समुद्री हवाओं की रफ्तार 35-45 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो कभी-कभी 55 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. आने वाले पांच दिनों में समुद्र की स्थिति खराब रह सकती है. साथ ही मछुआरों को 24 अक्टूबर तक अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार तट के पास समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
पर्यटकों के लिए भी चेतावनी
तुफान के संभावना को देखकर द्वीप पर रहने वाले नागरिकों और पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने लहरों के तेज होने की संभावना को देखते हुए नाव मालिकों से अपनी नावों को अत्यधिक सतर्कता से चलाने और मनोरंजन गतिविधियों को पूरी सावधानी से करने की सलाह दी है. पर्यटकों और आम जनता से समुद्र में न उतरने का अनुरोध किया गया है और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.















