मुजफ्फरनगर। खेल अनुभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं खेल निदेशालय लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में जिला खेल कार्यालय, चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम द्वारा विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में प्रातः 6 बजे साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में युवाओं, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
साइकिल रैली का शुभारंभ प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव एवं डॉ. राजीव कुमार ने स्वयं साइकिल चलाकर किया। रैली चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम के मुख्य द्वार से शुरू होकर मुजफ्फरनगर-मेरठ रोड स्थित सुजडू चुंगी तक पहुंची और वहां से वापस स्टेडियम में आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और साइकिल के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह यादव ने कहा कि साइकिल चलाना केवल मनोरंजन या शौक की गतिविधि नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ और सशक्त जीवनशैली का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोगों को साइकिल चलाने को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि यह शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सक्रिय बनाए रखती है। वहीं डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि साइकिल चलाना पर्यावरण संरक्षण का एक प्रभावी माध्यम है। इससे प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है, जो एक स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विश्व साइकिल दिवस 2026 इस वर्ष “हरित भविष्य के लिए साइकिल चलाना” थीम के साथ मनाया गया। इस थीम का उद्देश्य कार्बन उत्सर्जन को कम करने, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने तथा टिकाऊ और स्वस्थ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने में साइकिल की भूमिका को रेखांकित करना है।
कार्यक्रम में जिला खेल कार्यालय से प्रदीप कुमार (कुश्ती प्रशिक्षक), संजीव कुमार (कबड्डी प्रशिक्षक), मनीष कुमार (वुशु प्रशिक्षक), अप्रेंटिस हॉकी प्रशिक्षक अंकुर कुमार सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे। यातायात पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक हेम सिंह एवं आरक्षी अनुज कुमार ने भी आयोजन में सहयोग प्रदान किया। रैली के सफल समापन के बाद सभी प्रतिभागियों को सूक्ष्म जलपान कराया गया तथा स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया गया।















