होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित.

मुजफ्फरनगर के जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के सभागार में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “साइबर अपराध जागरूकता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ थाना प्रभारी साइबर क्राइम कर्मवीर सिंह, बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र यादव तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग तेजी से बढ़ा है, जिसके साथ ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग और साइबर बुलिंग जैसी घटनाएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने और किसी भी अनजान लिंक, ऐप या कॉल पर भरोसा न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षा बनाए रखना भी एक कला है और छोटी सी लापरवाही व्यक्ति को बड़ी परेशानी में डाल सकती है।

उन्होंने बताया कि कई बार लालच, भय या अज्ञानता के कारण लोग साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं, इसलिए किसी भी निजी जानकारी को साझा करने से पहले उसके सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं पर विचार करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों को मोबाइल में टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने तथा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सुरक्षित रखने की सलाह दी। साथ ही बताया कि किसी भी साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर पोर्टल पर की जा सकती है। डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि साइबर फ्रॉड से बचने के लिए यूपी कॉप ऐप डाउनलोड करना और सीईआईआर पोर्टल पर डेटा दर्ज करना उपयोगी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान वीडियो कॉल से बचने और केवल परिचित लोगों की कॉल ही रिसीव करने की सलाह दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts