नई दिल्ली। दिल्ली के कर्दमपुरी इलाके में बाबरपुर गैस एजेंसी के सामने गैस सिलिंडर नहीं मिलने से उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने फरवरी और मार्च माह में गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक उन्हें सिलिंडर नहीं मिला।सिलिंडर ना मिलने का कारण पूछने पर एजेंसी कर्मचारी केवल कमी की बात कह रहे हैं।
लोगों का रोजगार हो रहा प्रभावित
उपभोक्ताओं ने बताया कि वह रोज एजेंसी आते हैं और लंबी लाइन में खड़े होते हैं, लेकिन फिर भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। कई लोगों को काम की वजह से छुट्टी भी लेनी पड़ रही है, जिससे उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है। इसके चलते लोगों में नाराजगी और हंगामा बढ़ गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
वहीं, हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपभोक्ताओं का आरोप है कि पुलिस उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुन रही थी। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि उन्हें जल्द से जल्द सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए और भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा ना हो।उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस सिलिंडर की कमी लगातार कई महीनों से चल रही है और इसे लेकर प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए।















