भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
बुढ़ाना, ग्राम पंचायत सफीपुर पट्टी के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ पेयजल मिशन के तहत चंदेहेडी रोड पर एक नई जल टंकी का निर्माण होने जा रहा है। यह क्षेत्र पिछले सर्वे में छूट गया था, और सफीपुर पट्टी में एक टैंक का निर्माण हुआ था, लेकिन उसकी दूरी के कारण पानी की सप्लाई संभव नहीं थी। जब समाजवादी पार्टी के नेता हारून अली सिद्दीकी को इस स्थिति की जानकारी मिली, तो उन्होंने पारसी बस स्टैंड के पीछे, पुल पार नई बस्ती, मोहल्ला मुनव्वर नगर और मदरसे के पीछे के लोगों की मीटिंग बुलाई।
सभी लोग हारून अली सिद्दीकी के नेतृत्व में इस मुद्दे के समाधान के लिए एकजुट हुए। उन्होंने जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, मुख्य विकास अधिकारी और उत्तर प्रदेश जल निगम के अभियंता से मुलाकात की और इस समस्या से अवगत कराया। उच्च अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया और जांच की गई, जिसमें पाया गया कि लगभग 5000 ग्रामीण इस पेयजल योजना से वंचित थे।
जांच के आधार पर जल निगम के अधिशासी अभियंता ने लखनऊ और मुंबई स्थित मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा। इसके बाद, हारून अली सिद्दीकी ने सांसद हरेंद्र मलिक से मुलाकात की, जिन्होंने तुरंत जिला अधिकारी से बात की और एक पत्र मुख्य विकास अधिकारी को लिखा। सांसद ने आश्वासन दिया कि अपने विधायक पुत्र पंकज मलिक को इस प्रपोजल की स्वीकृति के लिए लखनऊ फाइल दी जाएगी। विधायक ने भी हारून अली सिद्दीकी के साथ मिलकर लखनऊ में प्रयास किया।















