बाँदा। बाँदा पुलिस परिवार गहरे शोक में डूबा है। थाना चिल्ला में तैनात वर्ष 2019 बैच के आरक्षी अनुराग सिंह भदौरिया की यमुना नदी में नहाते समय डूबने से असामयिक दुःखद मृत्यु हो गई। एक होनहार जवान की अचानक विदाई से पूरे महकमे में सन्नाटा पसर गया है।आरक्षी अनुराग सिंह भदौरिया बिना किसी को सूचना दिए केन और यमुना नदी के संगम स्थल पर नहाने चले गए थे। वहीं यमुना नदी के तेज बहाव में डूबने से उनकी असामयिक मृत्यु हो गई। साथियों को पता चला तो सभी दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।कानपुर नगर के रहने वाले अनुराग मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ सिपाही थे। 2019 में पुलिस सेवा में आने के बाद से ही थाना चिल्ला में पूरी ईमानदारी से ड्यूटी कर रहे थे।एसपी पलाश बंसल ने शोकाकुल परिवार को हृदयभाव से सांत्वना और सद्भावना समर्पित की है। एसपी ने कहा ईश्वर मृतक के परिजनों को यह वज्रपात सहने का संयम और साहस प्रदान करे। हम सब इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं। सिर्फ 28 साल की उम्र में एक जांबाज सिपाही का यूं चले जाना पूरे पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। अनुराग की हंसमुख छवि और ड्यूटी के प्रति समर्पण को बाँदा पुलिस हमेशा याद रखेगी।















