कांग्रेस ने अवैध कब्जों पर बने आश्रमों की जांच कराने की उठाई आवाज

बांदा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी जे. रीभा के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक ज्ञापन भेजा। इस ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रविकांत चन्दन पर जिला छतरपुर, थाना बमीठा (मध्य प्रदेश) में बागेश्वर धाम जन समिति के धीरेंद्र कुमार गौर की शिकायत पर धारा 353(2) बीएनएस के तहत दर्ज एफआईआर को रद्द किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि बागेश्वर धाम समिति की एंबुलेंस से संदिग्ध परिस्थितियों में महिलाओं को जबरन ले जाकर मारपीट व अभद्रता की जा रही थी, जिसकी न्यायिक जांच आवश्यक है।

मीडिया से बातचीत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि देश और प्रदेश में कई तथाकथित बाबा अपनी गद्दी जमाने के लिए आश्रम बनाते हैं और इसके नाम पर गांव की जमीन, गौचर व चारागाहों पर अवैध कब्जा कर गरीबों और आदिवासियों को जबरन हटाते हैं। उन्होंने मांग की कि शासन ऐसे अवैध कब्जों और आश्रमों की जांच कर सख्त कार्रवाई करे। वहीं, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी भगवानदीन गर्ग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा 1948 और नागरिक एवं राजनीतिक अधिकारों पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबद्धता 1966 का उद्देश्य समाज से अंधविश्वासी गतिविधियों को कम करना है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान एडवोकेट ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ भेदभाव उन्मूलन 1979 और संविधान के अनुच्छेद 51 के तहत सभी नागरिकों से वैज्ञानिक सोच, मानवतावाद और जांच-पड़ताल की भावना अपेक्षित है। कुछ राज्यों ने इस दिशा में कानून बनाए हैं, इसलिए उत्तर प्रदेश में भी अंधविश्वास विरोधी कानून पारित होना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग रखी कि पूरे देश में ड्रग्स एंड मैजिक रेमेडीज एक्ट 1954 को सख्ती से लागू किया जाए और लोकसभा में लंबित डायन शिकार निवारण विधेयक पारित किया जाए।

ज्ञापन कार्यक्रम में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह एडवोकेट, उपाध्यक्ष बल्देव प्रसाद वर्मा एडवोकेट, मोहम्मद इदरीश, डॉ. संजय द्विवेदी दनादन, जिला महामंत्री सत्यप्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, कालीचरण निगम, शोएब रिजवी, सैय्यद अमीरुद्दीन, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह गौतम एडवोकेट, राजेश कुमार गुप्ता, सचिव रामखेलावन राजपूत, अशरफ उल्ला खान रम्पा, आरिफ निजामी, धीरेन्द्र सिंह, भागवत प्रसाद द्विवेदी, सैय्यद वारिस अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts