बांदा। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस का तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल जिलाधिकारी जे.रीभा से मिला और ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई कि जल संस्थान द्वारा पूरे शहर में जलापूर्ति वर्तमान में ध्वस्त है। दूषित जलापूर्ति से जनता परेशांन है। विभागीय अफसर समस्या का समाधान नहीं करते। कहते हैं बजट नहीं हैं। जबकि जो जल मूल्य वसूला जाता है वह शासन को न जमाकर मेंटिनेंस में खर्च दिखा देते हैं। शहर की पाईप लाइनें जर्जर हैं। विभाग कागजों में दुरुस्त दिखाता है। बांदा से कांग्रेस के तीन बार सदर विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रहे विवेक सिंह नें जल संस्थान को विधायक निधि से जनरेटरों की व्यवस्था कराई थी ताकि बिजली कटौती में भी जलापूर्ति बाधित न हो।
कांग्रेस की मांग है की शहर के सभी वार्डों में जलापूर्ति का सर्वे कराया जाये। जल संस्थान के वित्तीय खर्चों में किये गये भ्रष्टाचार की जांच हो। अन्यथा की स्थिति में पार्टी आंदोलन को बाध्य होगी। इस अवसर पर तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल में जिला महामंत्री/मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, शोएब रिजवी, बांदा कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सन्तोष कुमार द्विवेदी मौजूद रहे।















