मुजफ्फरनगर में पीईटी परीक्षा की तैयारी पूरी, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2025 की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। बैठक में सैक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 6 और 7 सितंबर 2025 को दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोनों दिनों में चार पालियों में कुल 40,320 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 10,080 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सैक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे समय से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें।उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों में विद्युत व्यवस्था, पंखे, कुर्सियां, मेज, खिड़कियां और अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त हों। चूंकि बरसात का मौसम चल रहा है, इसलिए परीक्षा केंद्रों की छतों की विशेष जांच कराई जाए ताकि कहीं से पानी टपकने या रिसाव की समस्या न हो। यदि कहीं छत पर घास उगी हो या पानी टपक रहा हो तो उसे तुरंत साफ और दुरुस्त कराया जाए।परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से सक्रिय रहें। इसके साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन और बैगेज चेकिंग की व्यवस्था पहले से पूरी कर ली जाए। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी स्थिति में मोबाइल फोन ले जाना वर्जित रहेगा और न ही किसी बाहरी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र के आसपास घूमने की अनुमति दी जाएगी। सभी ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों के पास उनकी ड्यूटी से संबंधित पास अनिवार्य रूप से होना चाहिए।परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती का भी निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा चाक-चौबंद रहे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर कोई कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार राठौर, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सैक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को दोहराया गया कि परीक्षा राज्य स्तर पर आयोजित एक बड़ी प्रक्रिया है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो तथा परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts