मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बैनर, पोस्टर और पैंफलेट से सुसज्जित ये वाहन नगर के विभिन्न क्षेत्रों में ऑडियो संदेशों के माध्यम से वेक्टर जनित एवं अन्य संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। यह अभियान वर्ष में तीन बार संचालित किया जाता है, जिसका उद्देश्य समुदायिक सहयोग से संचारी रोगों पर नियंत्रण पाना है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, पशुपालन, नगर विकास, पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन और महिला एवं बाल कल्याण विभाग की भी सक्रिय भागीदारी रहती है। जिलाधिकारी द्वारा इन गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाती है।
अक्टूबर माह में यह अभियान विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि मौसम में बदलाव के कारण तापमान और आद्रता में वृद्धि से मच्छरों के प्रजनन की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए अभियान के तहत अनावश्यक जलभराव रोकने, स्वच्छता बनाए रखने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने, नालियों की सफाई, झाड़ी कटान और कीटनाशक छिड़काव जैसी गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में दस्तक अभियान के तहत 11 से 31 अक्टूबर तक आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सलाह देंगी। वर्तमान में जनपद मुजफ्फरनगर में संचारी रोगों की स्थिति सामान्य है तथा स्वास्थ्य विभाग निरंतर फागिंग, कीटनाशक छिड़काव और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से रोग नियंत्रण के प्रयास कर रहा है।















