मध्य प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में सांप्रदायिक तनाव, जुलूस और नमाज के दौरान झड़पें.

देश के तीन राज्यों मध्य प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में धार्मिक आयोजनों के दौरान हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच तनाव की घटनाएं सामने आई हैं। मध्य प्रदेश के जबलपुर, कर्नाटक के बागलकोट और तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में जुलूस और नमाज के समय कहासुनी के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। पुलिस ने सभी जगहों पर स्थिति को नियंत्रण में होने की बात कही है और एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

हैदराबाद के अंबरपेट इलाके में जामा मस्जिद के सामने से छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती का जुलूस गुजर रहा था। उसी दौरान मस्जिद में रमजान की नमाज चल रही थी। जुलूस में तेज संगीत और नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इस बीच वीडियो बना रहे एक यूट्यूबर पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने की भी सूचना है। अंबरपेट पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

कर्नाटक के बागलकोट में भी शिवाजी जयंती के जुलूस के दौरान मस्जिद के पास पत्थरबाजी की घटना हुई। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि मस्जिद की ओर से पत्थर फेंका गया। बागलकोट के एसपी सिद्धार्थ गोयल ने बताया कि जुलूस के दौरान दोनों ओर से पत्थर फेंके गए, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने भीड़ को हटाकर हालात काबू में कर लिए हैं और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है।

वहीं जबलपुर के सिहोरा क्षेत्र में आजाद चौक स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा और पास की मस्जिद में नमाज के दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि एक युवक ने मंदिर की ग्रिल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने अश्रु गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts